जालंधर देहात पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 30 बोर की पिस्तौल, मैगजीन और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ फिल्लौर थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने यह कार्रवाई सतलुज पुल पर लगाए गए हाईटेक नाके पर चेकिंग के दौरान की। संदेह के आधार पर एक स्विफ्ट कार को रोककर तलाशी ली गई थी। कार में सवार छह युवकों को मौके पर ही हिरासत में लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महकप्रीत, करनदीप सिंह, रोबिनप्रीत सिंह, राजेश्वर सिंह, मनजीत सिंह और निखिल के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी कम कीमत पर हथियार खरीदकर पंजाब के अलग-अलग क्षेत्रों में सप्लाई करते थे। आरोपी फिल्लौर में हथियारों की नई खेप पहुंचाने की तैयारी में थे। अदालत ने पुलिस को आरोपियों का दो दिन का रिमांड दिया है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में हथियार नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी मिल सकती है।

Source: Source