हिमाचल प्रदेश की नूरपुर पुलिस ने साइबर ठगी के मामले में बिहार से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर महिला से 3.20 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी करने का आरोप है। पीड़िता शिमला देवी को आरोपी ने रिश्तेदार बनकर फोन किया था। उसने खुद को विदेश में फंसा हुआ बताकर मदद के नाम पर पैसे मांगे। आरोपी ने मेक्सिको में परेशानी में होने की झूठी कहानी सुनाकर महिला को विश्वास में लिया। इसके बाद पीड़िता ने गूगल-पे और अन्य डिजिटल माध्यमों से पैसे ट्रांसफर कर दिए। ठगी का पता चलने के बाद महिला ने नूरपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच के लिए विशेष टीम गठित की थी। जांच में बैंक लेन-देन, कॉल डिटेल और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई गई। पुलिस ने इससे पहले मामले के मुख्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया था। अब बिहार निवासी नूरआलम की गिरफ्तारी के बाद साइबर ठगी नेटवर्क की जांच जारी है।

Source: Source