पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने फरीदकोट में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक वरिष्ठ सहायक को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान जिला सामाजिक सुरक्षा कार्यालय में तैनात कुलविंदर सिंह के रूप में हुई है। विजिलेंस के अनुसार, आरोपी को 25 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया। शिकायतकर्ता योगेश बंसल ने आरोप लगाया था कि पेंशन बंद कराने की प्रक्रिया पूरी करने के लिए रिश्वत मांगी गई थी। शिकायतकर्ता ने अपने पिता की वृद्धावस्था पेंशन बंद कराने के लिए कार्यालय में आवेदन दिया था। आरोप है कि वरिष्ठ सहायक ने फाइल आगे बढ़ाने के बदले पहले 30 हजार रुपये की मांग की थी। बाद में बातचीत के दौरान वह 25 हजार रुपये लेने के लिए तैयार हुआ। शिकायतकर्ता ने बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग विजिलेंस को सौंप दी थी। रिकॉर्डिंग और जांच के आधार पर विजिलेंस ने मामला दर्ज कर ट्रैप की योजना बनाई। सरकारी गवाहों की मौजूदगी में आरोपी को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया। विजिलेंस अब मामले की आगे जांच कर रही है और अन्य संभावित संलिप्त लोगों की भूमिका भी जांची जा रही है।

Source: Source