पंजाब के मोहाली जिले के जीरकपुर में अंबाला हाईवे पर बुधवार शाम ट्रक की टक्कर से स्कूटी सवार 52 वर्षीय व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा शाम करीब 5:30 बजे डी-कैथलॉन के सामने हुआ, जब जीरकपुर निवासी तरसेम चंद सिंगला स्कूटी से काम पर जा रहे थे। वह एक कंस्ट्रक्शन कंपनी में मुंशी के तौर पर काम करते हैं। बताया गया है कि तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर गए और ट्रक के पिछले टायर की चपेट में आ गए। हादसे में उनकी एक बाजू टूट गई और नाक से खून बहने लगा। घटना की सूचना मिलने पर सड़क सुरक्षा फोर्स (एसएसएफ) की टीम मौके पर पहुंची और घायल को डेराबस्सी सिविल अस्पताल पहुंचाया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें चंडीगढ़ के सेक्टर-32 स्थित सरकारी अस्पताल रेफर कर दिया। एसएसएफ कर्मी राजबीर सिंह के अनुसार, ट्रक शाहबाद से बाइकें उतारने के बाद नालागढ़ जा रहा था। पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया है। मामले में हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। Source: Source Post navigation पठानकोट में 10 फीट गहरे सीवरेज गड्ढे में रातभर फंसा रहा स्कूटी सवार, सुबह महिलाओं ने बचाई जान