पंजाब के मोहाली जिले के जीरकपुर में वीआईपी रोड पर मंगलवार दोपहर एक महिला से सोने की चेन झपटने का मामला सामने आया है। सावित्री एन्क्लेव निवासी वंदना दोपहर करीब 3 बजे बाजार में खरीदारी करने गई थीं। वह नेशनल बेकर्स के बाहर मौजूद थीं, तभी एक युवक उनके गले से सोने की चेन झपटकर भागने लगा। घटना के बाद वंदना ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के दुकानदार और राहगीर मदद के लिए दौड़े। लोगों ने पीछा कर भाग रहे युवक को घेर लिया और पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी की पहचान बनूड़ के अजीजपुर निवासी कुलदीप कुमार के रूप में हुई है। जीरकपुर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर छीनी गई सोने की चेन बरामद कर ली। पुलिस ने उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 304 के तहत मामला दर्ज किया है। मामले में आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि वह अन्य वारदातों में शामिल रहा है या नहीं।

Source: Source