हरियाणा के फरीदाबाद स्थित नगला एनक्लेव पार्ट-2 में देर रात हरियाणा पुलिस के रिटायर्ड सब इंस्पेक्टर के घर पर तीन राउंड फायरिंग की गई। बुलेट बाइक पर सवार दो हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। गोलीबारी की पूरी घटना घर के बाहर लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। फायरिंग के दौरान एक गोली मकान के शीशे पर लगी, जिससे वह टूट गया, जबकि दूसरी गोली दीवार में जा लगी। तीसरी गोली हवा में चलाई गई। घटना के समय घर के सभी सदस्य अंदर सो रहे थे। मकान में रहने वाले सुरजीत बैंसला को पड़ोसी ने गोलीबारी की जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने CCTV फुटेज की जांच की, जिसमें दो युवक गोली चलाते दिखाई दिए। सुरजीत बैंसला ने बताया कि वह दोनों हमलावरों को नहीं पहचानते। फुटेज के अनुसार, वारदात रात करीब दो बजे हुई और दोनों आरोपी बिना चेहरा ढके बुलेट बाइक पर आए थे। मकान के पास पहुंचकर उन्होंने फायरिंग की और फिर बाइक से फरार हो गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सारण थाना प्रभारी हुक्म सिंह के अनुसार, शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है। पुलिस CCTV फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। फिलहाल फायरिंग के पीछे की वजह और आरोपियों की पहचान स्पष्ट नहीं हो पाई है।

Source: Source