फिरोजपुर के जीरा मुख्य बाजार में कपड़ा व्यापारी की दुकान पर हुई फायरिंग मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई रंगदारी और फायरिंग से जुड़े मामले में की गई है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान फरियाद पुत्र जोगिंदर सिंह निवासी गांव नूरपुर, थाना जीरा के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि वारदात के बाद से ही विशेष टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी थीं। तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर फरियाद को पकड़ा गया। इस मामले में नामजद दूसरा आरोपी धर्मप्रीत अभी फरार है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि फायरिंग में इस्तेमाल किया गया पिस्तौल धर्मप्रीत के पास है। पुलिस अब हथियार बरामद करने और फरार आरोपी को पकड़ने के प्रयास कर रही है। एसपी (डी) मनजीत सिंह ने बताया कि मामले की जांच लगातार जारी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Source: Source