फाजिल्का के गांव बारेका के पास नहर में एक अज्ञात महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। यह स्थान भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के समीप बताया जा रहा है। पुलिस ने प्रथम दृष्टया मामले को हत्या से जोड़कर जांच शुरू कर दी है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने नर सेवा नारायण सेवा सोसाइटी के वालंटियर्स की मदद से शव को नहर से बाहर निकाला। महिला की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों की जांच कर रही है। जांच के दौरान महिला के शरीर पर चोटों के निशान और गले में दुपट्टा बंधा होने की बात सामने आई है। पुलिस को आशंका है कि हत्या के बाद शव को नहर में फेंका गया हो सकता है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और महिला की पहचान के प्रयास जारी हैं।

Source: Source