लुधियाना के डीसी ऑफिस स्थित एआरटीओ कार्यालय में टैक्सी और ऑटो यूनियन ने धरना देकर आरटीओ के खिलाफ प्रदर्शन किया। यूनियन सदस्यों ने रिश्वतखोरी, बेवजह चालान काटने और अवैध वाहनों पर कार्रवाई न करने के आरोप लगाए। प्रदर्शन के दौरान मिनी बस यूनियन ने आरटीओ के समर्थन में नारे लगाए, जिससे कार्यालय परिसर में तनाव की स्थिति बन गई। टैक्सी यूनियन के प्रधान कुनाल शर्मा ने आरोप लगाया कि शहर में कई अवैध टैक्सी स्टैंड चल रहे हैं, जिन पर विभाग कार्रवाई नहीं कर रहा। उन्होंने कहा कि दस्तावेजों की कमी वाले बड़े वाहनों पर कार्रवाई नहीं होती, जबकि छोटे ऑटो और टैक्सी चालकों के भारी चालान काटे जाते हैं। यूनियन ने अधिकारियों पर पक्षपात करने का आरोप लगाते हुए आगे विजिलेंस कार्यालय में प्रदर्शन करने की बात कही। वहीं मिनी बस यूनियन ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि बिना दस्तावेज चलने वाले वाहनों पर कार्रवाई जरूरी है। आरटीओ मनकवल चहल ने कहा कि विभाग सभी कार्रवाई नियमों के अनुसार कर रहा है। उन्होंने बताया कि दस्तावेज पूरे होने वाले वाहनों पर कोई कार्रवाई नहीं की जाती। आरटीओ ने कार्यालय में अनुपस्थिति के आरोपों को भी गलत बताया और कहा कि अधिकारी लगातार फील्ड जांच और कार्यालय दोनों की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

Source: Source