तरनतारन के झबाल थाना पुलिस ने एक शादीशुदा महिला और उसके परिवार के सदस्यों के खिलाफ धोखाधड़ी, अमानत में खयानत और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई चक सिकंदर निवासी कंवलजीत कौर पत्नी जगतार सिंह द्वारा दी गई लिखित शिकायत और पुलिस जांच के आधार पर की गई है। शिकायतकर्ता कंवलजीत कौर ने बताया कि उनके बेटे रमनदीप सिंह का विवाह वर्ष 2023 में लुधियाना जिले के गुरु रामदास नगर निवासी तरसेम सिंह की बेटी मनप्रीत कौर से हुआ था और विवाह के बाद रमनदीप और मनप्रीत दोनों यूके चले गए, जहां विदेश जाने का पूरा वित्तीय खर्च तथा वहां मनप्रीत के रहने व पढ़ाई का खर्च उनके परिवार ने ही उठाया था। उन्होंने आरोप लगाया कि यूके पहुंचने के कुछ समय बाद मनप्रीत के व्यवहार में बदलाव आ गया और उसने अपनी मां की तबीयत खराब होने का बहाना बनाकर भारत आने की बात कही, जिसके बाद रमनदीप ने उसका हवाई टिकट कराया और परिवार का कर्ज चुकाने के लिए उसे 5 लाख रुपये की नकद राशि भी दी, लेकिन भारत पहुंचने के बाद मनप्रीत उक्त राशि लेकर अपने मायके चली गई। कंवलजीत कौर के मुताबिक, जब वह अपने पति के साथ बहू मनप्रीत को वापस लाने के लिए उसके मायके लुधियाना गईं, तो वहां मनप्रीत और उसके परिवार वालों ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया और दोनों को जान से मारने की धमकियां दीं। मामले की जांच तरनतारन के डीएसपी सिटी सुखबीर सिंह द्वारा की गई और जांच रिपोर्ट के आधार पर थाना झबाल पुलिस ने आरोपी मनप्रीत कौर, उसके पिता तरसेम सिंह, माता नीलम और भाई जसप्रीत सिंह के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए केस दर्ज कर लिया है तथा आगे की जांच जारी है।

Source: Source