दंतेवाड़ा के महालक्ष्मी इंटरप्राइजेज में निवेश के नाम पर 500 से अधिक लोगों से 70 करोड़ की ठगी के मामले में अंतागढ़ पुलिस ने तीसरे आरोपी को दंतेवाड़ा से गिरफ्तार किया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। आरोपियों ने पैसा डबल करने और लोन लेने के लिए प्रेरित किया और फिर रकम कंपनी में जमा करवाकर फर्जीवाड़ा किया। महालक्ष्मी इंटरप्राइजेज के संचालकों और उनके सहयोगियों ने लोगों को कंपनी में रकम निवेश करने पर 5 प्रतिशत कमीशन देने का लालच दिया। उन्होंने डेढ़ साल में निवेश की गई राशि दोगुनी करने का दावा किया और इसी बहाने ठगी की। आरोपियों ने कांकेर, दंतेवाड़ा, कोंडागांव और बीजापुर समेत अन्य क्षेत्रों के 500 से अधिक लोगों को झांसे में लिया और उनसे 70 करोड़ रुपये का निवेश कराया। आरोपियों ने सरकारी कर्मचारियों सहित अन्य निवेशकों को अलग-अलग बैंकों से ऋण लेने के लिए प्रेरित किया और फिर ऋण की पूरी राशि कंपनी में निवेश करवा ली। वरिष्ठ अधिवक्ता संदीप श्रीवास्तव ने कहा कि ऐसे मामलों में कंपनी के बैंक खातों, लेन-देन, निवेशकों से जुटाई राशि और आरोपियों की संपत्ति की जांच होनी चाहिए।

Source: Source