गुरसेवक सिंह की हत्या के मामले में इंसाफ की मांग को लेकर शुक्रवार को गांव आसल उत्ताड़ के ग्रामीणों और स्थानीय निवासियों ने मेन खेमकरण रोड पर शव रखकर धरना दिया। धरने में किसान संगठनों और समाजसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि भी शामिल हुए। वारिस पंजाब दे के सतनाम सिंह मनावां ने पुलिस प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि मर्डर में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने कहा कि जब तक सभी नामजद आरोपी अरेस्ट नहीं होते, तब तक धरना खत्म नहीं होगा और शव को सड़क से नहीं हटाया जाएगा। मौके पर पहुंचे डीएसपी अतुल सैनी और थाना प्रभारी कवलजीत सिंह राय ने आश्वासन दिया कि फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। गौरतलब है कि खेमकरण एरिया में मजदूरों के दो गुटों के विवाद में 26 अक्टूबर को गांव राजन शाह की आढ़त पर झगड़ा हुआ था। 28 अक्टूबर को समझौते के दौरान आरोपियों ने तेजधार हथियारों और गोलियों से हमला कर दिया, जिसमें गुरसेवक सिंह की मौत हो गई और अन्य युवक घायल हो गए। पुलिस ने मुख्य आरोपी मनजीत सिंह उर्फ कट्टा को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे 3 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।

Source: Source