करनाल जिले के गांव भादसों स्थित पिकाडली एग्रो इंडस्ट्रीज लिमिटेड कंपनी में वित्तीय अनियमितता और धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। कंपनी के एक मैनेजर पर ठेकेदार के साथ मिलीभगत कर करीब 10 लाख रुपए का गबन करने का आरोप लगा है। आरोप है कि बिना मरम्मत का काम करवाए और जरूरी अनुमान व दस्तावेज तैयार किए बिना ही मरम्मत के बिल पास कर भुगतान करवाया गया। मामले में कंपनी की ओर से शिकायत मिलने के बाद इंद्री थाना पुलिस ने आरोपी मैनेजर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कंपनी की ओर से 30 अक्टूबर को थाना प्रभारी को शिकायत दी गई। शिकायत में बताया गया कि विक्रांत गाबा कंपनी में मैनेजर के पद पर कार्यरत है। आरोप है कि उसने एक ठेकेदार के साथ मिलीभगत करके वित्तीय अनियमितताएं कीं। कुछ मरम्मत कार्यों के बिल वास्तविक काम किए बिना ही भुगतान के लिए तैयार करवाए और पास करवा दिए। इन बिलों के साथ जरूरी अनुमान और संबंधित दस्तावेज भी नहीं लिए गए। शिकायत के अनुसार विक्रांत गाबा ने इन लेन-देन के बदले ठेकेदार से आर्थिक लाभ भी लिया। कंपनी ने अपनी शिकायत में ठेकेदार अरुण सोनकर का हवाला देते हुए बताया कि उसने इस संबंध में आर्थिक लाभ दिए जाने की पुष्टि की है। शुरुआती जांच के आधार पर कंपनी को करीब 10 लाख रुपए का वित्तीय नुकसान होने का अनुमान है। कंपनी की ओर से प्रेसिडेंट डिस्टिलरी मुकेश शर्मा ने शिकायत पर हस्ताक्षर किए हैं। पुलिस ने विक्रांत गाबा के खिलाफ 30 अक्टूबर को भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(4) और 318(4) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।

Source: Source