फरीदाबाद में बड़खल से भाजपा विधायक धनेश अदलखा का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वे नगर निगम के स्वच्छ भारत मिशन के एक्सईएन मनदीप के लिए असभ्य भाषा का इस्तेमाल करते सुनाई दे रहे हैं। वीडियो में वह निगम के एडिशनल कमिश्नर गौरव अंतिल को फोन पर अधिकारी की शिकायत करते हुए कहते हैं कि ये काम नहीं करता, सारे पार्षद इसके खिलाफ हो रखे हैं, हटाओ इसको यहां से। विधायक अधिकारी के कामकाज को लेकर नाराजगी जाहिर करते हुए उसे हटाकर चार्ज किसी दूसरे अधिकारी को देने की बात कह रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद नगर निगम के अधिकारियों के प्रति जनप्रतिनिधियों के व्यवहार को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। विधायक से बात करने की कोशिश की गई तो उन्होंने कॉल नहीं उठाया, जबकि नगर निगम के अधिकारी भी इस पर कुछ बोलने से इंकार कर रहे हैं। मामला 4 अक्टूबर का है, जब विधायक अपने ऑफिस पर पार्षदों के साथ बैठे हुए थे। इसी दौरान शहर के कुछ सफाई दरोगा पहुंचे थे, जिनका कहना था कि एक्सईएन मनदीप उनको जरूरी सामान मुहैया नहीं कराता और न ही उनकी बात सुनता है। इसके बाद विधायक ने एडिशनल कमिश्नर गौरव अंतिल को कॉल लगाया और गुस्से में कहा कि मेरे ऑफिस पर सफाई दरोगा मनदीप के खिलाफ धरना देने के लिए पहुंचे हैं। विधायक ने कहा कि सारे पार्षद इसके खिलाफ हो रखे हैं, इसे हटाओ, काम नहीं करता और फिर कहता है कि विधायक नाराज होता है। बातचीत में विधायक ने कहा कि इसका चार्ज संजीव को दे दो और लख्मी चंद को भी हटाने की बात कही। एडिशनल कमिश्नर ने कहा कि आपने बोल दिया काफी है, ऑफिस आने की कोई जरूरत नहीं है।

Source: Source