बालोद जिले में नाबालिग बालिकाओं को बहला-फुसलाकर भगाने और दुष्कर्म के दो मामलों में शुक्रवार को पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर रिमांड में भेज दिया। इनमें एक आरोपी को अर्जुंदा पुलिस ने तेलंगाना के जाहिराबाद से पकड़ा, जबकि दूसरे को गुंडरदेही पुलिस ने जिले के एक स्थान से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार परिजनों ने 6 अक्टूबर को नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस मामले में आरोपी चन्द्रजीत यादव (31) को तेलंगाना के जाहिराबाद से गिरफ्तार किया गया। नाबालिग के बयान के आधार पर दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गईं। दूसरे मामले में नाबालिग को शादी का झांसा देकर भगाने और दुष्कर्म करने की शिकायत 29 अक्टूबर को दर्ज हुई थी। इस मामले में पुलिस ने आरोपी संजय जायसवाल (20) को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 137(2), 87, 64(2) और पॉक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत कार्रवाई की गई। अक्टूबर में दुष्कर्म के 6 मामले सामने आए हैं, जिनमें 4 नाबालिग शामिल हैं। सभी मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

Source: Source