रायपुर के सेरीखेड़ी ओवरब्रिज पर डिवाइडर की पेंटिंग कर रहे मजदूरों को एक तेज रफ्तार कार ने कुचल दिया। हादसे में तीन मजदूर घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान कपिल सैनी (24) और पिंटू माली (45) की मौत हो गई। तीसरे मजदूर थनवा का डीकेएस अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसे के बाद कार चालक फरार हो गया। पुलिस ने हिट एंड रन का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक राजस्थान के सवाई माधोपुर निवासी कपिल सैनी, पिंटू माली और थनवा समेत अन्य मजदूर 28 अक्टूबर की सुबह सेरीखेड़ी ओवरब्रिज के उतरने वाले हिस्से में डिवाइडर पर पेंटिंग कर रहे थे। मजदूरों की सुरक्षा के लिए सड़क पर स्टॉपर लगाए गए थे। इसी दौरान आरंग की ओर से तेज रफ्तार में आ रही कार ने स्टॉपर को टक्कर मार दी और सड़क पर काम कर रहे मजदूरों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में तीनों मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान कपिल और पिंटू ने दम तोड़ दिया, जबकि थनवा का इलाज जारी है। अक्टूबर के 20 दिनों में शहर में 10 से ज्यादा लोगों की सड़क हादसों में मौत हो चुकी है। रिंग रोड-1 पर टाटीबंध से जोरा तक करीब 19 किलोमीटर की सड़क हादसों का बड़ा केंद्र बन गई है। इस साल के शुरुआती 9 महीनों में यहां 145 सड़क हादसे हुए, जिनमें 24 लोगों की मौत हुई और 71 गंभीर रूप से घायल हुए। इस मार्ग पर 5 ब्लैक स्पॉट, आधा दर्जन से ज्यादा अवैध कट और एक दर्जन से अधिक स्थानों पर अतिक्रमण है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक हर सड़क हादसे की समीक्षा कर खामियां दूर की जा रही हैं। गैरजरूरी डिवाइडर कट बंद किए जा रहे हैं।

Source: Source