महासमुंद में भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी जिला शाखा और जूनियर रेडक्रॉस उपसमिति के तत्वावधान में मां चंडी मंदिर परिसर बिरकोनी में दो दिवसीय जिला स्तरीय जूनियर रेडक्रॉस प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बागबाहरा और महासमुंद विकासखंड के विभिन्न विद्यालयों से कुल 310 जूनियर्स और 57 काउंसलर्स ने सहभागिता निभाई। शिविर की मुख्य थीम मानवता के साथ नशामुक्ति के लिए पहला कदम निर्धारित की गई थी। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में सेवा भाव, अनुशासन, मानवता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना था। कार्यक्रम में वक्ताओं ने विद्यार्थियों को नशे जैसी कुरीतियों से दूर रहने और समाज को जागरूक करने का संदेश दिया। जिला शाखा के सभापति संदीप दीवान ने जूनियर्स को सेवा का संकल्प दिलाया। पूर्व उपसभापति दाऊ लाल चंद्राकर ने रेडक्रॉस की सेवा परंपरा को याद करते हुए जरूरतमंदों की सहायता के लिए तत्पर रहने को कहा। रेडक्रॉस सदस्य राजेश्वर खरे ने विद्यार्थियों को गुटखा, तंबाकू और नशीले पदार्थों से दूर रहने की सीख दी। शिविर के दूसरे दिन रेडक्रॉस ध्वज फहराया गया और सामूहिक रेडक्रॉस गीत गाया गया। प्रतिभागियों ने योग सत्र, रंगोली प्रतियोगिता और श्रमदान में हिस्सा लिया। भाजपा जिलाध्यक्ष येतराम साहू ने विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। शिविर का मुख्य आकर्षण प्राथमिक सहायता प्रशिक्षण रहा, जिसमें डॉ. यशवंत चौधरी और दिनेश साहू ने आपातकालीन चिकित्सा सहायता का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया।

Source: Source