लुधियाना में दीवाली पर पटाखों से होने वाली आगजनी की घटनाओं को रोकने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए निगम का फायर ब्रिगेड विभाग अलर्ट हो गया है। इसके लिए विभाग को सभी फायर टेंडर और अन्य मशीनरी चालू हालत में रखने के निर्देश दिए गए हैं। बुधवार को सीनियर डिप्टी मेयर राकेश पराशर ने रेलवे स्टेशन के पास स्थित फायर ब्रिगेड मुख्यालय का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान पराशर ने अधिकारियों से फायर ब्रिगेड की गाड़ियों और उपलब्ध मशीनरी की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि दीवाली के दौरान हर साल आग लगने की घटनाएं सामने आती हैं, ऐसे में विभाग को आखिरी समय की बजाय पहले से ही पूरी तैयारी रखनी होगी, ताकि सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच सकें। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी इमरजेंसी में संसाधनों की कमी या मशीनरी में खराबी के कारण कार्रवाई में देरी नहीं होनी चाहिए। पराशर ने शहरवासियों से भी अपील की कि दीवाली से पहले अपने घरों की छतों की सफाई करें और वहां कूड़ा, कबाड़ या ज्वलनशील सामान जमा न होने दें। पटाखों से निकलने वाली चिंगारी छतों पर पड़े सामान को आग की चपेट में ले सकती है। उन्होंने लोगों से सावधानी बरतते हुए सुरक्षित और खुशहाल दीवाली मनाने की अपील की। इस मौके पर असिस्टेंट डिवीजनल फायर ऑफिसर जसविंदर सिंह, एफएसओ करतार सिंह, एसएफओ दिनेश कुमार, एसएफओ राजन सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Source: Source