छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में कार का शीशा तोड़कर 4.90 लाख रुपये की चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। इस वारदात की साजिश एक गर्लफ्रेंड-बॉयफ्रेंड ने मिलकर रची थी। पुलिस ने दोनों समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने कारोबारी की कई दिनों तक रेकी कर वारदात को अंजाम दिया था। 28 जुलाई को व्यापारी प्रमोद महेश्वरी की कार से नकदी से भरा बैग चोरी किया गया था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और जांच के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई। जांच में पोटिया रोड स्थित शोरूम के कर्मचारी की भूमिका सामने आई। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने वारदात के बाद रकम आपस में बांट ली थी। कुछ पैसों से बाइक की मरम्मत कराई गई और कुछ रकम कपड़ों व पार्टी में खर्च की गई। पुलिस ने आरोपियों के पास से 1.57 लाख रुपये बरामद किए हैं। एक फोन कॉल के जरिए पुलिस को गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंचने में मदद मिली। सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Source: Source