अमृतसर के भगतांवाला फाटक के पास एक पुलिसकर्मी की लापरवाही का मामला सामने आया है। आरोप है कि नशे की हालत में ASI ने सरकारी पीसीआर वाहन रेलवे ट्रैक पर चढ़ा दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन चलाते समय संतुलन बिगड़ने से गाड़ी पटरी पर पहुंच गई। घटना के बाद कुछ समय के लिए रेलवे और सड़क यातायात प्रभावित हुआ। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर पुलिसकर्मी का वीडियो बनाया। वायरल वीडियो में ASI अपना नाम बलविंदर सिंह बताता दिखाई दे रहा है। वीडियो बनाने वाले व्यक्ति के सवाल पर उसने थोड़ी शराब पीने की बात कही। लोगों की मदद से पीसीआर वाहन को रेलवे ट्रैक से हटाया गया। सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और संबंधित कर्मचारी को अपने साथ ले गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। गनीमत रही कि घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।

Source: Source