हरियाणा के नारनौल सदर थाना के गांव महरमपुर से 19 वर्षीय युवती के लापता होने का मामला सामने आया है। युवती बैंक जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। परिजनों की तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर युवती की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में महरमपुर निवासी महिला ने बताया कि उसकी तीन संतान हैं, जिनमें बड़ी बेटी की उम्र करीब 19 वर्ष, छोटी बेटी की करीब 16 वर्ष और बेटा करीब 12 वर्ष का है। शिकायत के अनुसार बीते दिनों वह काम पर गई हुई थी और शाम करीब 6 बजे घर लौटी तो छोटी बेटी ने बताया कि उसकी बहन दोपहर करीब 12 बजे निवाजनगर बैंक जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं आई। परिजनों ने युवती की गांव और रिश्तेदारी में तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। युवती का रंग भूरा, चेहरा गोल है और वह हरे रंग का सूट-सलवार पहने हुई थी तथा पैरों में हवाई चप्पल थी। युवती 10वीं कक्षा तक पढ़ी हुई है। पुलिस ने 6 नवंबर को मामला दर्ज कर युवती की तलाश शुरू कर दी है।

Source: Source