कुरुक्षेत्र जिले के रेलवे स्टेशन पिंडारसी और पबनावा के बीच ट्रैक के पास एक युवक का शव मिला। शव मुंह के बल पड़ा था। उसके सिर और चेहरे पर चोटें थीं और दाहिनी आंख बाहर निकली हुई थी, जबकि दाहिनी टांग भी टूटी हुई थी। पुलिस को मौके से टूटा हुआ मोबाइल भी बरामद हुआ। मृतक की पहचान बारना गांव के वीरेंद्र (29) के रूप में हुई है। वीरेंद्र अपने पीछे 2 साल की बेटी, पत्नी संगीता और मां किताबो देवी को छोड़ गया। वीरेंद्र खेती-बाड़ी का काम करता था। करीब 15 साल पहले वीरेंद्र के पिता धर्म सिंह की मौत हुई थी। कुरुक्षेत्र GRP के मुताबिक कल दोपहर के बाद उनको किलोमीटर नंबर 69/06-07, पिहोवा रोड ब्रांच पर पिंडारसी-पबनावा रेलवे स्टेशनों के बीच ट्रैक के बाहर शव पड़ा होने की सूचना मिली। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास जांच की तो शव से करीब 10 कदम की दूरी पर एक टूटा हुआ मोबाइल मिला। मोबाइल के जरिए पहचान के बाद GRP ने परिवार को सूचना दी। बारना के रामफल ने शव की पहचान अपने भतीजे वीरेंद्र के रूप में की। चाचा ने बताया कि वीरेंद्र का किसी के साथ लड़ाई-झगड़ा या दुश्मनी नहीं थी और न ही किसी के साथ लेन-देन को लेकर कोई विवाद था। 30 नवंबर को वीरेंद्र का जन्मदिन आना था। GRP ने रामफल के बयान पर इत्तेफाकिया रिपोर्ट दर्ज की है और मामले की जांच कर रही है।

Source: Source