हरियाणा के नारनौल में रेवाड़ी रोड स्थित हुंडई कार एजेंसी पर शुक्रवार रात अज्ञात युवक ने पथराव किया। घटना में एजेंसी के मुख्य गेट का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। पथराव के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। उस समय एजेंसी बंद हो चुकी थी और केवल चौकीदार ड्यूटी पर मौजूद था। चौकीदार ने घटना की जानकारी एजेंसी प्रबंधन को दी। इसके बाद मैनेजर ने डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच शुरू की। एजेंसी में लगे सीसीटीवी कैमरों में घटना स्पष्ट रूप से रिकॉर्ड नहीं हो सकी क्योंकि पत्थर दूर से फेंका गया था। पुलिस ने एजेंसी प्रबंधन से थाने में लिखित शिकायत देने को कहा है। इसी एजेंसी पर करीब एक वर्ष पहले भी इसी तरह पथराव की घटना हुई थी। उस मामले में पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया था। वर्तमान घटना में भी पुलिस आरोपियों की पहचान और घटना के कारणों की जांच कर रही है।

Source: Source