नारायणपुर जिले के पीएमश्री पोटा केबिन, देवगांव में शिक्षकों और विद्यार्थियों ने मिलकर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। राज्य स्तरीय प्रकृति शिक्षण विज्ञान यात्रा के अंतर्गत आयोजित कार्यशाला में इको फ्रेंडली क्लब के माध्यम से सीड बॉल (बीज के गोले) बनाने का अभियान चलाया गया। इस सत्र में एक लाख सीड बॉल बनाने के लक्ष्य के साथ कार्य शुरू किया गया है, जिसमें से पहले चरण में ही 25 हजार सीड बॉल तैयार कर लिए गए हैं। जिला शिक्षा अधिकारी महेंद्र कुमार पांडे ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी गतिविधियां न केवल बच्चों में नेतृत्व क्षमता विकसित करती हैं, बल्कि उन्हें प्रकृति के प्रति जागरूक भी बनाती हैं। इन सीड बॉल्स का उपयोग दुर्गम पहाड़ियों, गहरी घाटियों और घने जंगलों में वृक्षारोपण के लिए किया जाएगा, जहाँ पारंपरिक तरीके से पौधारोपण करना कठिन है। कार्यशाला में जिला मिशन समन्वयक दीनबंधु रावटे और बीईओ कृष्णा कुमार गोटा ने भी भाग लिया और बच्चों को गुलेल के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों में बीज फैलाने की तकनीक के बारे में बताया। यह नवाचारी प्रयोग क्षेत्र में जैव विविधता को बढ़ावा देने और हरित आवरण को बढ़ाने में मील का पत्थर साबित होगा।

Source: Source