पंचकूला के सेक्टर-20 स्थित त्रिवेणी सोसाइटी में बुधवार तड़के तीन नकाबपोश संदिग्ध घुस आए। घटना करीब सुबह 3:30 बजे की बताई जा रही है। तीनों संदिग्ध एक फ्लैट के बाहर पहुंचे और डोरबेल बजाई। फ्लैट मालिक ने बिना पहचान किए दरवाजा नहीं खोला। कुछ देर इंतजार करने के बाद तीनों संदिग्ध वापस लौट गए। पूरी घटना सोसाइटी के CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में तीनों के चेहरे कपड़े और मास्क से ढके नजर आ रहे हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद सोसाइटी के निवासियों में दहशत फैल गई। पुलिस को सूचना मिलने पर टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान और उनके आने-जाने के रास्ते का पता लगा रही है। सोसाइटी के मुख्य गेट और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। इसी सोसाइटी में जनवरी 2024 में पार्सल देने के बहाने घुसकर एक दंपती को बंधक बनाकर लूट की वारदात हुई थी। उस पुराने मामले में आरोपी अब तक गिरफ्तार नहीं हुए हैं, जिससे नई घटना के बाद निवासियों की चिंता बढ़ गई है।

Source: Source