हिसार के अग्रोहा क्षेत्र के कुलेरी गांव की कमलगिरी गौशाला में जहरीला चारा खाने से छह गायों की मौत हो गई। आरोप है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने चारे में यूरिया खाद मिला दी थी। चारा खाने के बाद गायों की तबीयत बिगड़ी और छह ने मौके पर दम तोड़ दिया। तीन से चार गायों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना सामने आने के बाद गौशाला में हड़कंप मच गया। गौशाला में करीब 600 गाय और नंदी बताए गए हैं। शाम को कर्मचारी चारा डालने पहुंचे तो छह गायें मृत मिलीं और कुछ अन्य तड़पती नजर आईं। चारे की जांच करने पर उसमें यूरिया खाद मिलने की बात सामने आई। गौशाला समिति के प्रधान सतेंद्र कुमार ने अग्रोहा थाना पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 325 और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की संबंधित धारा के तहत कार्रवाई की गई है। मृत गायों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा और पुलिस आरोपी की पहचान के प्रयास में जुटी है। घटना के बाद ग्रामीणों और गौशाला प्रबंधन में आक्रोश है तथा आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की जा रही है।

Source: Source