पंजाब के पठानकोट में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की तीन दिनों तक चली कार्रवाई शनिवार देर रात समाप्त हो गई। ईडी की टीमें क्रशर कारोबारियों, प्रॉपर्टी डीलर और अन्य संबंधित ठिकानों पर जांच कर वापस लौट गईं। जांच के दौरान कई स्थानों से संपत्ति, आय और कारोबार से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल की गई। सूत्रों के अनुसार, अधिकारियों ने कुछ इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से डिजिटल डाटा भी एकत्र किया है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। जांच का मुख्य केंद्र 92 एकड़ की विवादित जमीन और उससे जुड़ी खनन गतिविधियां रहीं। ईडी ने जमीन की पैमाइश कराकर खनन से संबंधित रिपोर्ट जुटाई। रावी नदी क्षेत्र में खनन की गहराई जांचने के लिए ड्रोन तकनीक का भी इस्तेमाल किया गया। कार्रवाई के दौरान स्टोन क्रशर यूनिटों और अन्य ठिकानों पर रिकॉर्ड खंगाले गए। ईडी ने मामले में अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। जांच के दायरे में वित्तीय लेनदेन और संभावित अवैध खनन से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

Source: Source