पलवल में मंदिर के पुजारी को नशीला पदार्थ देकर लूटने का मामला सामने आया है। टहरकी गांव के राधा-कृष्ण मंदिर में पुजारी रघुनंदन दास महाराज वारदात का शिकार हुए। वह भगवान की पोशाक लेने उत्तर प्रदेश के कामर गांव गए थे। लौटते समय उन्होंने होडल के हसनपुर चौक पर खाना खाने के लिए बाइक रोकी। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें फ्रूटी पीने के लिए दी। फ्रूटी पीने के बाद उन्हें नींद आने लगी और वह बाइक से मंदिर के लिए रवाना हो गए। बंचारी गांव के पास हाईवे पर वही व्यक्ति कथित तौर पर उन्हें रोकने पहुंचा। बाइक रोकने के कुछ देर बाद पुजारी बेहोश हो गए। आरोप है कि बेहोशी की हालत में बदमाश उनका बैग लेकर फरार हो गया। बैग में मोबाइल फोन, 10 हजार रुपये, बिजली का सामान, बाइक के दस्तावेज और अन्य जरूरी कागजात थे। होडल थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल और रास्ते में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपी की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

Source: Source