हरियाणा के पलवल बस स्टैंड परिसर में दो रोडवेज लिपिकों से मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप भिवानी डिपो के ड्राइवर और कंडक्टर पर लगा है। पुलिस ने घायल लिपिक लेखराज की शिकायत पर कृष्ण और हरिओम के खिलाफ केस दर्ज किया है। शिकायत के अनुसार लेखराज और विरेंद्र कुमार सरकारी काम पूरा कर निजी कार से बस स्टैंड परिसर में प्रवेश कर रहे थे। इसी दौरान दोनों आरोपियों ने कथित तौर पर उनके साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया। आरोप है कि दोनों कर्मचारियों के परिचय देने के बावजूद ड्राइवर ने बस उनकी कार पर चढ़ाने का प्रयास किया। जान बचाने के लिए दोनों लिपिक पूछताछ कक्ष में चले गए। आरोप है कि ड्राइवर और कंडक्टर वहां भी पहुंच गए और दोनों के साथ मारपीट की। मारपीट में लेखराज की नाक और मुंह से खून निकलने लगा। मौके पर मौजूद अन्य रोडवेज कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर दोनों को बचाया। घायल दोनों लिपिकों को इलाज के लिए जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।

Source: Source