पानीपत में चांदनीबाग थाना के अंतर्गत आने वाले पुराना हरिद्वार बाईपास रोड (सेक्टर-25) पर स्थित एक मोबाइल रिपेयरिंग दुकान में आग लगा दी। दरअसल, मोबाइल रिपेयरिंग दुकान के मालिक जब अपने बीमार पिता को लेकर अस्पताल गए हुए थे, तो पीछे से दो युवकों ने पेट्रोल छिड़ककर उनकी दुकान को आग के हवाले कर दिया। इस अग्निकांड में दुकान में रखे नए और रिपेयरिंग के लिए आए ग्राहकों के मोबाइल सहित करीब 5 लाख रुपए का सामान जलकर खाक हो गया। दुकानदार ने मामले की शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर नामजद के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। ये है पूरा मामला गांव रिसालू के रहने वाले अंकित मलिक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने सेक्टर-25 स्थित शर्मा मार्केट, नजदीक सोमाया गार्डन (पुराना हरिद्वार बाईपास रोड) में मां वैष्णो टेलीकॉम के नाम से एक मोबाइल की दुकान खोली हुई है। शिकायत के अनुसार, शनिवार 23 मई को दिन के समय सोनू नाम का एक ग्राहक उनकी दुकान पर आया था। उसने अपना जियो का कीपैड फोन ठीक कराने के लिए अंकित को दिया और काम पूरा होने के बाद वापस आने की बात कहकर चला गया। पिता की बिगड़ी तबीयत, बंद करनी पड़ी दुकान अंकित मलिक ने बताया कि रात के समय ग्राहक सोनू अपना फोन वापस लेने के लिए आने वाला था, लेकिन इसी बीच अचानक अंकित के पिता जसवंत सिंह की तबीयत बेहद गंभीर रूप से खराब हो गई। पिता की बिगड़ती हालत को देख अंकित दुकान बंद कर आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए अस्पताल लेकर चले गए। सोनू और उसके साथी ने की वारदात जब अंकित अपने पिता के साथ अस्पताल में थे, उसी दौरान रात के समय फोन ठीक कराने आया ग्राहक सोनू दुकान पर पहुंचा। दुकान बंद देखकर वह गुस्से में आ गया। उसके साथ उसका एक अन्य साथी भी था, जिसका नाम भी सोनू ही बताया जा रहा है। दोनों आरोपी अपने साथ एक बोतल में पेट्रोल लेकर आए थे। दुकान बंद मिलने पर दोनों ने तैश में आकर दुकान के शटर पर पेट्रोल छिड़का और आग लगा दी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। ₹5 लाख का सामान जलकर खाक इस आगजनी की घटना में पीड़ित अंकित मलिक की पूरी दुकान जलकर बर्बाद हो गई। दुकान के अंदर रखे दर्जनों नए मोबाइल फोन, एसेसरीज, रिपेयरिंग के उपकरण और विभिन्न ग्राहकों द्वारा ठीक होने के लिए आए कीमती मोबाइल फोन पूरी तरह जलकर स्वाहा हो गए। पीड़ित के मुताबिक इस वारदात से उन्हें कम से कम 5 लाख रुपए का भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।

Source: Source