गुरुग्राम के फर्रुखनगर में श्री शिव महापुराण कथा का शुभारंभ मंगल कलश यात्रा के साथ हुआ। विद्यार्थी सेवा और सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से कथा का आयोजन किया जा रहा है। कलश यात्रा में 251 सुहागिन महिलाओं ने भाग लिया। यात्रा गायत्री मंदिर से शुरू होकर सैनी मोहल्ला और काला महादेव मंदिर होते हुए मुख्य बाजार पहुंची। इसके बाद श्रद्धालु नई रामलीला मैदान स्थित कथा स्थल पर पहुंचे। यात्रा के दौरान भजन-कीर्तन और भगवान शिव के जयकारों से माहौल भक्तिमय रहा। कथा स्थल पर कथाव्यास पंडित देवेश कृष्ण महाराज ने श्री शिव महापुराण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने भगवान शिव की महिमा और शिव महापुराण के धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शिव महापुराण का श्रवण भक्ति, सदाचार और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। कथा का आयोजन 8 से 17 अगस्त तक प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक किया जाएगा। कथा का समापन 18 अगस्त को हवन-पूजन और प्रसाद वितरण के साथ होगा। मुख्य यजमान मुकेश सोनी और उनकी पत्नी नीलम सोनी ने लोगों से परिवार सहित कथा में शामिल होने की अपील की है।

Source: Source