रेवाड़ी के रोहड़ाई गांव में प्लॉट का ताला तोड़कर भैंस और कटिया चोरी करने के मामले में सीआईए कोसली पुलिस ने अंतरराज्यीय पशु चोर गिरोह के एक और सदस्य को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के गांव बरतौली निवासी रहीसु के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे अदालत में पेश कर 5 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। इस मामले में गिरोह के तीन सदस्य पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं। पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य गांवों में फर्जी व्यापारी और लहसुन बेचने के बहाने रेकी करते थे और रात में पिकअप से पशु चोरी करते थे। चोरी किए गए पशुओं को उत्तर प्रदेश के पशु मेलों में बेच दिया जाता था। आरोपी रहीसु के खिलाफ जींद और करनाल में पहले भी चोरी के मामले दर्ज हैं।

Source: Source