फाजिल्का के अबोहर रोड पर सोमवार को सड़क हादसे में 11वीं कक्षा का छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। छात्र स्कूल से स्कूटी पर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक ने उसकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद छात्र स्कूटी समेत सड़क किनारे बने डिवाइडर से जा टकराया। हादसे में छात्र को गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान हो गया। घटनास्थल के पास मौजूद एक व्यक्ति ने तुरंत घायल छात्र की मदद की। रमेश कुमार ने छात्र को फाजिल्का के सरकारी अस्पताल पहुंचाया और उसके परिजनों को सूचना दी। प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार बाइक पर तीन युवक सवार थे और वे काफी तेज गति से आ रहे थे। अस्पताल में डॉक्टरों ने छात्र को प्राथमिक उपचार दिया। गंभीर हालत को देखते हुए उसे आगे के इलाज के लिए फरीदकोट मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। अस्पताल की ओर से घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेकर परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Source: Source