छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में पुलिस ने अवैध स्क्रैप से भरा 14 चक्का ट्रक पकड़ा है। ट्रक से करीब 7.55 लाख रुपये कीमत का स्क्रैप बरामद किया गया। पुलिस ने स्क्रैप और ट्रक समेत कुल 17.55 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है। मामला पूंजीपथरा थाना क्षेत्र का है। पुलिस को ओडिशा से अवैध स्क्रैप लाए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद गेरवानी मेन रोड पर नाकेबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने एक 14 चक्का ट्रक को रोककर तलाशी ली। ट्रक में बड़ी मात्रा में टिन और लोहे के अलग-अलग टुकड़ों का स्क्रैप मिला। चालक से स्क्रैप से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सका। पूछताछ में चालक ने बताया कि वह स्क्रैप ओडिशा से लाकर पूंजीपथरा के एक प्लांट में खपाने जा रहा था। पुलिस ने करीब 24 टन स्क्रैप और 10 लाख रुपये कीमत का ट्रक जब्त कर लिया। चालक नेमीचंद मीणा को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ BNS की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। SSP शशि मोहन सिंह ने कहा कि अवैध स्क्रैप के परिवहन और कारोबार के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Source: Source