बेमेतरा में बकरी चोरी के दो मामलों में फरार चल रहे साबिर खान और मुकेश यादव को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों को जांजगीर-चांपा जिला जेल से प्रोडक्शन वारंट पर बेमेतरा लाकर पूछताछ की गई। इसके बाद उन्हें न्यायिक रिमांड पर अदालत में पेश किया गया। पुलिस के मुताबिक पहला मामला ग्राम पदमी का है, जहां 25 जुलाई की रात चोरों ने कोठे की दीवार तोड़कर 9 बकरी और 5 बकरे चुरा लिए थे। चोरी हुए 14 मवेशियों की कीमत करीब 49 हजार रुपए थी। दूसरा मामला बेमेतरा के वार्ड नंबर-2 मानपुर का है, जहां 12 अप्रैल की रात 15 बकरियां चोरी हुई थीं। इनकी कीमत करीब 45 हजार रुपए बताई गई थी। दोनों मामलों में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान पुलिस ने बिलासपुर निवासी मनीष कुमार पटेल को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में उसने साबिर खान, मुकेश यादव और निजाम उर्फ राजा खान के साथ दोनों घटनाओं में शामिल होना स्वीकार किया था। पुलिस के अनुसार आरोपी चोरी के लिए महिंद्रा XUV का इस्तेमाल करते थे। मनीष के पास से 5 बकरी-बकरे, लोहे का सब्बल, दो मोबाइल और घटना में इस्तेमाल वाहन जब्त किया गया था, जिसकी कुल कीमत करीब 3.26 लाख रुपए बताई गई। जांजगीर जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाए गए पुलिस को पता चला कि साबिर खान और मुकेश यादव दोनों ग्राम चिल्हाटी, जिला बिलासपुर के निवासी हैं और जांजगीर-चांपा जिला जेल में बंद थे। पूछताछ में दोनों ने ग्राम पदमी में 14 बकरियां चोरी करने की घटना में शामिल होना स्वीकार किया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि मामले में फरार निजाम उर्फ राजा खान की तलाश जारी है।

Source: Source