सूरजपुर जिले के चांदनी बिहारपुर थाना क्षेत्र में दस दिन पहले एक महिला से हुए सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। पीड़िता कोरिया जिले की रहने वाली है। वह किसी पारिवारिक कार्य से अपने रिश्तेदार के यहां चांदनी बिहारपुर थाना क्षेत्र आई थी। काम पूरा होने के बाद 25 जुलाई को वह घर लौटने बस स्टैंड पहुंची तो उसकी बस छूट चुकी थी। इसके बाद वह घर जाने किसी अन्य वाहन अथवा साधन का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान चार युवकों जिसमें रामवृक्ष, रामरूप, जयराम सिंह और शोभरण सिंह ने महिला को अपने झांसे में लिया। चारों मिलकर महिला को सुनसान स्थान पर ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना के बाद पीड़िता किसी तरह वहां से निकली और अपने परिजनों को पूरी जानकारी दी। इसके बाद पीड़िता ने सबसे पहले कोरिया जिले में शिकायत दर्ज कराई। कोरिया पुलिस ने जीरो में मामला दर्ज कर प्रकरण चांदनी बिहारपुर पुलिस को भेज दिया। चांदनी पुलिस ने जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों और अन्य उपलब्ध तथ्यों के आधार पर चारों आरोपियों को पहचान कर चारों को गिरफ्तार कर लिया। चारों आरोपी ग्राम कांतिपुर के रहने वाले हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की प्रासंगिक धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया।

Source: Source