बिलासपुर में आयोजित कलेक्टर जनदर्शन में लोगों ने अपनी विभिन्न समस्याएं और शिकायतें रखीं। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने शिकायतें सुनकर संबंधित अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए। लोगों ने बेजा कब्जा हटाने और निजी जमीन से ट्रांसफार्मर व बिजली के तार हटाने की मांग की। स्कूल सफाई कर्मचारियों ने नियमित और समय पर मानदेय भुगतान की मांग उठाई। बेलतरा निवासी राजकुमार जायसवाल ने अपनी निजी भूमि से ट्रांसफार्मर और विद्युत तार हटाने की शिकायत की। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी जमीन पर बिजली का खंभा लगाकर तार गुजारे गए हैं। रत्नदेव साहित्यिक एवं सांस्कृतिक समिति ने रतनपुर में पर्यटक सहयोग केंद्र खोलने का प्रस्ताव रखा। समिति ने पर्यटकों की सुविधा के लिए केंद्र संचालन में मुफ्त सहयोग देने की बात कही। बैमा पंचायत के ग्रामीणों ने गुंडी नाला पर कथित बेजा कब्जे और मिट्टी पाटने से जल निकासी बाधित होने की शिकायत की। लालपुर के ग्रामीणों ने क्षतिग्रस्त नहर के पक्कीकरण की मांग की, ताकि सिंचाई का पानी बर्बाद न हो। तखतपुर के लिदरी निवासी शिवशंकर सप्रे ने दो साल से चौकीदार का भुगतान नहीं मिलने की शिकायत की। जनदर्शन में नगर निगम आयुक्त और अपर कलेक्टर ने भी लोगों की समस्याएं सुनीं।

Source: Source