बेमेतरा जिले के साजा क्षेत्र के ग्राम जांता में दशहरा के दिन सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी का मामला सामने आया है। परिवार साजा में दशहरा मेला देखने गया था। इसी दौरान चोर घर से सोने-चांदी के जेवरात और नकदी ले गए। पीड़ित प्रेमलाल साहू ने चोरी गए सामान की कीमत करीब 5 से 6 लाख रुपए बताई है, जबकि एफआईआर में चोरी गई संपत्ति का मूल्य करीब 95 हजार रुपए दर्ज होने की बात सामने आई है। पीड़ित परिवार ने सामान का उचित मूल्यांकन कराने और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सुराग तलाशने के लिए डॉग स्क्वॉड की मदद भी ली गई है। प्रेमलाल साहू के मुताबिक, 20 अक्टूबर की रात वह पत्नी, बेटियों और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ साजा में दशहरा मेला देखने गया था। घर से निकलते समय मुख्य गेट और कमरे में ताला लगाया था। रात करीब 9:45 बजे परिवार लौटा तो कमरे के दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर रखी लोहे की गोदरेज अलमारी का ताला भी टूटा हुआ था। अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात और 5 हजार रुपए नकद गायब थे। पीड़ित का कहना है कि घर से करीब तीन तोला सोना, 12 से 15 तोला चांदी के जेवरात और 5 हजार रुपए नकद चोरी हुए हैं। चोरी गए सामान में सोने का नेकलेस, सोने की पत्तियां और अन्य आभूषणों के साथ चांदी की चेन, अंगूठियां, बाजूबंद, सिक्का और अन्य सामान शामिल हैं। पीड़ित ने एफआईआर में दर्ज करीब 95 हजार रुपए के मूल्यांकन पर असंतोष जताया है और जेवरात की उचित कीमत आंकने की मांग की है। पीड़ित के अनुसार, वारदात के दौरान पड़ोसी कुशल साहू के कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र के दरवाजे का ताला भी तोड़ा गया था। प्रेमलाल को आशंका है कि वारदात में आसपास के किसी व्यक्ति का हाथ हो सकता है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और दशहरा के अगले दिन घटनास्थल पर पहुंची डॉग स्क्वॉड की टीम ने खोजी कुत्ते की मदद से सुराग तलाशने का प्रयास किया। फिलहाल मामले में किसी आरोपी की गिरफ्तारी या चोरी गए सामान की बरामदगी की पुष्टि नहीं हुई है। साजा थाना प्रभारी चंद्रदेव वर्मा ने बताया कि प्रेमलाल साहू के घर दशहरा के दिन चोरी हुई थी और रात करीब 10 बजे थाने में सूचना मिली। पुलिस ने सोने-चांदी के जेवरात और 5 हजार रुपए नकद चोरी होने के संबंध में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। Source: Source Post navigation छत्तीसगढ़ में इंस्टाग्राम पर दोस्ती, फिर नाबालिग को घर ले जाकर किया दुष्कर्म; आरोपी गिरफ्तार कैथल में कनाडा भेजने के बहाने 63.60 लाख की धोखाधड़ी: पंजाब का ठग ऋषभ गिरफ्तार, एक दिन का पुलिस रिमांड