कुरुक्षेत्र जिले के पिहोवा में असमानपुर गांव के पास ट्रक के नीचे आने से बाइक सवार किशोर की मौत हो गई। किशोर अपने चचेरे भाई के साथ बाइक पर अपने काम पर जा रहा था, जब ट्रक का टायर उसके पैर, पेट और कमर पर चढ़ गया। आरोपी ड्राइवर मौके पर ट्रक छोड़कर भाग गया। मृतक की पहचान 17 साल के सन्नी निवासी रुआं गांव के रूप में हुई, जो पिहोवा में बाइक रिपेयरिंग का काम सीख रहा था और चार बहनों का इकलौता भाई था। घायल अवस्था में उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया था, लेकिन तबीयत बिगड़ने पर परिवार उसे अंबाला अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सन्नी के चचेरे भाई गुरदीप सिंह निवासी रुआं ने बताया कि वह राजमिस्त्री का काम करता है और सुबह करीब 9 बजे सन्नी अपनी बाइक पर पिहोवा आने के लिए निकला था। सुबह करीब 9:30 बजे जब वे कैथल-पिहोवा रोड पर असमानपुर पंजाब नेशनल बैंक शाखा के पास पहुंचे तो तेज रफ्तार से आए ट्रक ने सन्नी की बाइक को ओवरटेक किया और आरोप है कि अचानक ड्राइवर ने ट्रक के ब्रेक लगा दिए, जिससे सन्नी की बाइक ट्रक से टकराकर उसके नीचे घुस गई और ट्रक का टायर उसके ऊपर चढ़ गया। गुरदीप ने ट्रक का नंबर एचआर37डी-2103 नोट कर लिया और हादसे के बाद ट्रक चालक नीचे उतरा, लेकिन भीड़ जमा होती देख ट्रक छोड़कर भाग गया। हादसे के बाद राहगीरों की मदद से सन्नी को पिहोवा के प्राइवेट अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में तबीयत बिगड़ने पर उसे अंबाला के सादोपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। थाना सदर पिहोवा पुलिस ने ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

Source: Source