छावनी थाना क्षेत्र के शिवाजी चौक स्थित बाबा कॉलोनी में तीन नाबालिग बच्चियों के साथ अनैतिक कृत्य किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप 59 साल के एक दुकानदार पर है। पुलिस के अनुसार, आरोपी बच्चों को चॉकलेट और नड्डा देने का लालच देकर अपने परिसर में बुलाता था। वहां उसने तीनों बच्चियों के साथ अनैतिक कृत्य किया। मामले की शिकायत सोमवार रात छावनी थाने में पहुंची। शिकायत मिलते ही पुलिस ने तेजी से कार्रवाई शुरू की। तीनों बच्चियों के परिजनों की ओर से पुलिस ने शिकायत दर्ज की और मामले में एफआईआर दर्ज की गई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार को उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। 8 से 9 साल की हैं बच्चियां
पुलिस के मुताबिक, तीनों बच्चियों की उम्र करीब 8 से 9 साल बताई जा रही है। घटना की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस ने बच्चियों का मेडिकल परीक्षण कराया है। उनके बयान भी लिए जा रहे हैं। मेडिकल रिपोर्ट, बच्चियों के बयान और दूसरे सबूतों के आधार पर पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। नड्डा-मुरकू की दुकान चलाता है आरोपी
पुलिस के अनुसार, आरोपी बाबा कॉलोनी में नड्डा की दुकान चलाता है। आरोप है कि वह बच्चों को चॉकलेट और नड्डा देने के बहाने अपने पास बुलाता था। इसी दौरान बच्चियों के साथ अनैतिक कृत्य किए जाने की बात सामने आई है। फिलहाल पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी ने कितनी बार और किन परिस्थितियों में बच्चियों को अपने पास बुलाया था। आरोपी को किया गया गिरफ्तार
छावनी सीएसपी प्रशांत कुमार पैकरा ने बताया कि सोमवार रात करीब 9 से 9:30 बजे के बीच छावनी थाने में तीन बच्चियों से जुड़ा मामला सामने आया था। एक दुकानदार पर तीनों बच्चियों के साथ दुष्कर्म का आरोप लगाया गया है। बच्चियों के परिजनों की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और बच्चियों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। मामले में आगे की जांच की जा रही है। बच्चियों के बयानों और मेडिकल रिपोर्ट के साथ दूसरे तथ्यों को भी जांच में शामिल कर रहे हैं। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Source: Source