भिलाई शहर में शुक्रवार सुबह कुछ ही मिनटों के अंतराल में चेन स्नेचिंग की दो घटनाएं सामने आईं। दोनों वारदातों में बदमाशों ने सुबह के समय अकेली बुजुर्ग महिलाओं को निशाना बनाया। पहली घटना सुपेला थाना क्षेत्र में हुई, जहां बाइक सवार दो युवकों ने महिला के गले से सोने की चेन झपट ली। वारदात के दौरान चेन का कुछ हिस्सा टूटकर सड़क पर गिर गया, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है। दूसरी घटना भट्टी थाना क्षेत्र में हुई, जहां एक महिला ने बुजुर्ग के चेहरे पर मिर्च पाउडर डालकर चेन लूट ली। आरोपी महिला अपने साथी के साथ बाइक से फरार हो गई। दोनों घटनाओं के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने और आरोपियों की पहचान करने की प्रक्रिया शुरू की है। पुलिस को आशंका है कि दोनों घटनाओं के पीछे किसी संगठित गिरोह का हाथ हो सकता है। मामले की जांच के लिए क्राइम ब्रांच समेत कई टीमें सक्रिय कर दी गई हैं।

Source: Source