हरियाणा के भिवानी जिले के छोटे से गांव बामला ने एक बार फिर पूरे प्रदेश में अपना नाम रोशन किया है। इस गांव से एक साथ दो युवा एचसीएस (HCS) अधिकारी बने हैं। हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) परीक्षा-2025 के परिणामों में गांव की बेटी रेनू ग्रेवाल ने 9वां और अतुल कुमार ने 13वां शानदार रैंक हासिल किया है। अपनी इस बड़ी सफलता के बाद दोनों सफल युवाओं ने अपनी संघर्ष यात्रा और अनुभवों को मीडिया के साथ साझा किया। रेनू ग्रेवाल ने बताया कि इस मुकाम तक पहुंचने का उनका चार साल का सफर काफी संघर्षपूर्ण रहा। यह उनका तीसरा प्रयास था, जिसमें उन्होंने हार न मानते हुए अंततः सफलता हासिल की। उन्होंने अपनी असफलता से सीख लेकर लगातार मेहनत जारी रखी और परिवार के सहयोग को अपनी ताकत बताया। वहीं, अतुल कुमार ने पहले ही प्रयास में करीब एक साल की कड़ी मेहनत के बाद यह सफलता प्राप्त की। उन्होंने बताया कि आईएएस टीना डाबी से प्रेरणा लेकर उन्होंने सिविल सेवा में जाने का दृढ़ संकल्प लिया था। इस उपलब्धि से पूरे बामला गांव में जश्न का माहौल है और ग्रामीण दोनों युवा अधिकारियों की इस सफलता पर बेहद गर्व महसूस कर रहे हैं।

Source: Source