परपोड़ी क्षेत्र के गभराडीह गांव में मनरेगा के तहत हुए पचरी निर्माण कार्य पर अनियमितता के आरोप लगे हैं। वार्ड क्रमांक-1 के पंच सुरेश पाल ने जनपद पंचायत साजा में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाए गए हैं। शिकायत मिलने के बाद एसडीओ समेत जांच दल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने स्थल का निरीक्षण किया और ग्रामीणों के लिखित बयान दर्ज किए। यह निर्माण सामुदायिक जल संचय क्षेत्र के जीर्णोद्धार के लिए स्वीकृत लगभग 9.98 लाख रुपये की लागत से कराया गया था। रिकॉर्ड के अनुसार कार्य में 3,394 मानव दिवस सृजित किए गए और मजदूरी पर 8.09 लाख रुपये खर्च हुए। शिकायतकर्ता का आरोप है कि माप-जोख के दौरान सरपंच मौजूद नहीं थीं और पचरी के नीचे पर्याप्त पत्थर नहीं डाले गए। इससे निर्माण की मजबूती और गुणवत्ता पर संदेह जताया गया है। एसडीओ ने बताया कि सभी पक्षों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं ग्राम पंचायत सचिव और सरपंच ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि निर्माण स्वीकृत प्राक्कलन के अनुसार कराया गया है। फिलहाल पूरे मामले में जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। Source: Source Post navigation मोबाइल पर बात करते समय छत से गिरा युवक, सिर में गंभीर चोट लगने से हुई मौत झमाझम बारिश से किसानों को मिली राहत, धान की रोपाई ने पकड़ी रफ्तार