यमुनानगर में पश्चिमी यमुना नहर में डूबे 17 वर्षीय अमित का शव तीन दिन बाद करनाल के इंद्री क्षेत्र से बरामद किया गया। अमित रविवार को फतेहगढ़ पुल के पास नहाते समय तेज बहाव की चपेट में आ गया था। घटना के बाद पुलिस और गोताखोरों की टीम लगातार उसकी तलाश कर रही थी। बुधवार को इंद्री के पास नहर में एक शव बहता हुआ दिखाई दिया। स्थानीय लोगों की सूचना पर इंद्री थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से शव बाहर निकाला। यमुनानगर से पहुंचे गोताखोर और परिजनों ने शव की पहचान अमित के रूप में की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए यमुनानगर सिविल अस्पताल भेजा गया। जानकारी के अनुसार अमित अपने दो दोस्तों के साथ नहर किनारे घूमने गया था और नहाते समय हादसे का शिकार हुआ। दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज बहाव के कारण वे सफल नहीं हो सके। गोताखोरों के अनुसार पश्चिमी यमुना नहर में डूबने वाले लोगों के शव कई बार बहाव के कारण इंद्री क्षेत्र तक पहुंच जाते हैं। अमित चार बहनों का इकलौता भाई था और उसकी मौत से परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Source: Source