फतेहाबाद के रतिया में सफाई कर्मचारियों की 17 दिन से जारी हड़ताल के बीच प्रशासन ने ऑपरेशन क्लीन सिटी अभियान चलाया। रविवार आधी रात पुलिस बल के साथ प्रशासनिक टीम मुख्य डंपिंग पॉइंट पर पहुंची। कचरा हटाने के लिए तीन JCB मशीनें और छह ट्रैक्टर लगाए गए। कार्रवाई का विरोध कर रहे 18 महिला और 10 पुरुष सफाई कर्मचारियों समेत 28 लोगों को हिरासत में लिया गया। मौके पर DSP कुलवंत सिंह और थाना प्रभारी सहित भारी पुलिस बल तैनात था। प्रशासनिक अधिकारियों और ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में अभियान शुरू किया गया। रात करीब एक बजे टीम के पहुंचने पर कर्मचारियों ने नारेबाजी करते हुए JCB के सामने आकर विरोध किया। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को मौके से हटाकर हिरासत में लिया। इसके बाद प्रशासन ने मशीनों और ट्रैक्टरों से डंपिंग पॉइंट से कचरा उठाना शुरू किया। हड़ताल के कारण शहर की सड़कों और गलियों में कचरे के ढेर जमा हो गए थे। प्रशासन के अनुसार कर्मचारियों की 14 में से 13 मांगों पर सहमति बन चुकी है, जबकि नियमित करने की मांग कानूनी अड़चन के कारण लंबित है। प्रशासन का लक्ष्य प्रमुख डंपिंग पॉइंट खाली कराकर शहर की सफाई व्यवस्था बहाल करना है।

Source: Source