हरियाणा के रेवाड़ी में बावल पुलिस ने खेतों से चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस गश्त के दौरान झाबुआ रोड पर मौजूद थी। बिना नंबर की बाइक पर सवार चार युवकों ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की। भागते समय उनकी बाइक नंगली परसापुर रोड पर अनियंत्रित होकर गिर गई। पुलिस ने मौके से दो युवकों को पकड़ लिया, जबकि दो अन्य फरार हो गए। जांच में बरामद बाइक भी चोरी की निकली। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजस्थान के खैरथल-तिजारा निवासी कोशिंद्र और सन्नी शर्मा के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी खेतों के ट्यूबवेल से चोरी किया सामान बेचने जा रहे थे। पुलिस ने उनके पास से 48 मीटर चोरी की कॉपर केबल और तार काटने के उपकरण बरामद किए हैं। आरोपियों को कोर्ट से एक दिन के रिमांड पर लिया गया है। पुलिस फरार साथियों और चोरी का सामान खरीदने वालों की तलाश कर रही है।

Source: Source