लुधियाना में गोवंश तस्करी की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार गायों से लदी पिकअप को कब्जे में लिया है। मामले में संयुक्त गौ रक्षा दल के राष्ट्रीय प्रधान गुरप्रीत सिंह की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है। शिकायत के अनुसार 10 सितंबर को गुरप्रीत सिंह अपने साथी मानिक गोयल के साथ लाडोवाल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उन्हें सफेद महिंद्रा पिकअप में चार गायों को लादकर जम्मू-कश्मीर ले जाने की सूचना मिली। आरोप है कि गायों को कथित तौर पर कटान के उद्देश्य से ले जाया जा रहा था। सूचना के बाद शिकायतकर्ता ने दक्षिणी बाईपास पर वाहन का इंतजार किया। कुछ देर बाद संदिग्ध पिकअप वेरका प्लांट की ओर से आती दिखाई दी। वाहन रोकने का इशारा करने पर चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय उसे तेज गति से भगा लिया। शिकायतकर्ता ने वाहन का पीछा किया और यह साहनेवाल थाना क्षेत्र के बिलगा इलाके तक पहुंचा। वहां चालक और उसके साथ मौजूद एक अन्य व्यक्ति पिकअप छोड़कर फरार हो गए। तलाशी लेने पर वाहन में चार गायें मिलीं, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने पिकअप को कब्जे में लेकर अज्ञात चालक और उसके साथी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस वाहन नंबर और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। मामले में पंजाब प्रोहीबिशन ऑफ काउ स्लॉटर एक्ट और प्रिवेंशन ऑफ क्रुएल्टी टू एनिमल्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस यह पता लगाने की जांच कर रही है कि गायें कहां से लाई गई थीं और उन्हें जम्मू-कश्मीर ले जाने की योजना किसकी थी।

Source: Source