चंडीगढ़ अदालत ने 3 करोड़ 66 लाख 25 हजार रुपए की ठगी मामले में आरोपी की जमानत याचिका खारिज कर दी है। अदालत ने कहा कि आजकल साइबर अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। आरोपी अपराध में शामिल नजर आता है। मामले में उसकी भूमिका और अपराध की गंभीरता को देखते हुए उसे नियमित जमानत देने का आधार नहीं बनता। आरोपी के वकील ने अदालत में कहा कि वरुण को झूठा फंसाया गया है और वह 2 जून 2025 से जेल में है। जांच और ट्रायल में लंबा समय लग सकता है, इसलिए उसे अनिश्चित समय तक जेल में रखना उचित नहीं है। वकील ने यह भी कहा कि आरोपी के गवाहों को प्रभावित करने या सबूतों से छेड़छाड़ करने की आशंका नहीं है। सरकारी वकील ने दलील दी कि आरोपी की फर्म के खाते में ठगी की रकम का बड़ा हिस्सा आया है और अपराध की गंभीरता को देखते हुए उसे जमानत नहीं दी जानी चाहिए। पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता सुरिंदर कुमार ठाकुर ने 19 दिसंबर 2023 को पी15 स्टॉक मार्केट एक्सचेंज क्लब नाम के व्हाट्सएप ग्रुप को जॉइन किया था। ग्रुप में अंकिता गुप्ता नाम की महिला खुद को एसएमसी ग्लोबल सिक्योरिटीज लिमिटेड की कर्मचारी बताती थी और शेयर बाजार से जुड़ी जानकारी साझा करती थी। राहुल शर्मा नाम का व्यक्ति ग्रुप में शिक्षक बनकर शेयर बाजार के नोट्स और निवेश से जुड़े सुझाव देता था। शुरुआत में उनके बताए शेयरों की कीमतों के अनुमान सही निकले तो शिकायतकर्ता का भरोसा बढ़ गया। शिकायतकर्ता के अनुसार उसे बताया गया कि संस्थागत खाते के जरिए ही ऐसे शेयर खरीदे जा सकते हैं, जिनमें 20 से 30 प्रतिशत तक मुनाफा मिलने की संभावना है। इसके बाद मनीष कुमार नाम के व्यक्ति ने उसका संस्थागत खाता खुलवाया और एसएमसीएलई नाम का ट्रेडिंग ऐप डाउनलोड करवाया। आरोपियों ने उसे अलग-अलग बैंक खातों में रकम ट्रांसफर करने के निर्देश दिए। शिकायतकर्ता ने 16 फरवरी से 25 मार्च 2024 के बीच अलग-अलग खातों में कुल 3 करोड़ 66 लाख 25 हजार रुपए ट्रांसफर किए। बाद में वह अपने संस्थागत खाते से रकम निकालने या शेयरों का लेन-देन करने में असमर्थ रहा। जांच के दौरान सामने आया कि शिकायतकर्ता के आईसीआईसीआई बैंक खाते से 83 लाख 50 हजार रुपये पंजाब नेशनल बैंक के उस खाते में ट्रांसफर हुए थे, जो आयुषी एंटरप्राइजेज के नाम पर था। इस फर्म का मालिकाना हक आरोपी वरुण ठाकुर के पास है। इसी आधार पर अभियोजन पक्ष ने आरोपी को ठगी का मास्टरमाइंड बताते हुए जमानत का विरोध किया।

Source: Source