छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले की ग्राम पंचायत सलका में बारिश के दौरान जलभराव की गंभीर समस्या सामने आई है। भैयाथान विकासखंड स्थित पंचायत भवन में हर साल बरसात के समय पानी भर जाता है। ग्रामीणों के अनुसार मुख्य सड़क पंचायत भवन से ऊंची होने के कारण बारिश का पानी परिसर में जमा हो जाता है। जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से समस्या और बढ़ जाती है। लगातार बारिश होने पर पानी भवन के अंदर तक पहुंचने का खतरा बना रहता है। इससे महत्वपूर्ण सरकारी दस्तावेज, फर्नीचर और अन्य सामान खराब होने की आशंका है। पंचायत कर्मचारियों और ग्रामीणों को भी आवाजाही में परेशानी होती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण के दौरान जल निकासी की व्यवस्था नहीं की गई थी। ग्रामीणों ने प्रशासन से स्थायी समाधान के लिए पक्की नाली निर्माण की मांग की है। उन्होंने पंचायत भवन को ऊंचे प्लेटफॉर्म पर विकसित करने का सुझाव भी दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते कदम उठाने से हर साल होने वाली समस्या से राहत मिल सकती है।

Source: Source