सोनीपत में कोविड-19 महामारी के दौरान की बकाया स्कूल फीस वसूलने के लिए निजी स्कूल प्रबंधन की ओर से दायर अपील को जिला अदालत ने खारिज कर दिया है। जिला न्यायाधीश जगजीत सिंह की कोर्ट ने कहा कि स्कूल प्रबंधन यह साबित नहीं कर पाया कि कोविड अवधि के दौरान बच्चों की कक्षाएं संचालित हुई थीं या बच्चे स्कूल में पढ़ रहे थे। कोर्ट ने निचली अदालत के 20 मार्च 2025 के फैसले को बरकरार रखते हुए स्कूल प्रबंधन की अपील खारिज कर दी। मामला बख्तावरपुर स्थित लॉर्ड कृष्णा पब्लिक स्कूल की ओर से पांच अभिभावकों के खिलाफ 2.32 लाख रुपए की फीस वसूली से जुड़ा है। बख्तावरपुर के जैनपुर रोड स्थित लॉर्ड कृष्णा पब्लिक स्कूल के प्रबंधक राजेश आंतिल ने 31 मार्च 2023 को पांच अभिभावकों के खिलाफ निचली अदालत में सिविल सूट दायर किया था। इसमें 2,32,595 रुपए की बकाया फीस और उस पर 18 प्रतिशत सालाना ब्याज की मांग की गई थी। स्कूल प्रबंधन का दावा था कि अभिभावकों के बच्चे शैक्षणिक सत्र 2019-20 और 2020-21 तक स्कूल में पढ़ते रहे, लेकिन बार-बार कहने के बावजूद फीस जमा नहीं करवाई गई। स्कूल प्रबंधन की ओर से दाखिल दावे के अनुसार गांव नांगल खुर्द निवासी देवेंद्र कुमार के तीन बच्चों की फीस के 1,60,302 रुपए बकाया थे। गांव बख्तावरपुर निवासी प्रदीप के दो बच्चों की फीस के 30,578 रुपए, गांव मेहंदीपुर निवासी राकेश के एक बच्चे की फीस के 19,578 रुपए, गांव मछरौला निवासी श्रीराज के एक बच्चे की फीस के 16,440 रुपए और इसी गांव के प्रदीप कुमार के एक बच्चे की फीस के 5,697 रुपए बकाया बताए गए थे। मामले में तीन अभिभावक अदालत में पेश नहीं हुए, जिसके चलते उनके खिलाफ एकतरफा कार्रवाई की गई। वहीं श्रीराज और प्रदीप ने अपना जवाब दाखिल करते हुए स्कूल प्रबंधन के दावे का विरोध किया। उन्होंने अदालत में दलील दी कि मार्च 2020 में कोविड महामारी फैलने के बाद उन्होंने बच्चों को स्कूल भेजना बंद कर दिया था। स्कूल प्रबंधन की ओर से भी अभिभावकों को बताया गया था कि कोविड के दौरान फीस देने की जरूरत नहीं है। सुनवाई के दौरान स्कूल प्रबंधन की ओर से पेश गवाह ने जिरह में स्वीकार किया कि श्रीराज ने वर्ष 2017 से 2019 तक की पूरी फीस जमा करवा दी थी। गवाह ने यह भी माना कि यदि कोई बच्चा अगली कक्षा में प्रमोट होने के बाद स्कूल नहीं आता तो कुछ समय बाद उसका नाम काट दिया जाता है। इसके अलावा सत्र 2020-21 में कोविड के कारण स्कूल बंद था और इस दौरान स्कूल में उपस्थिति रजिस्टर सहित अन्य रिकॉर्ड भी नहीं रखा जा रहा था। जिला न्यायाधीश जगजीत सिंह ने सुनवाई के दौरान कहा कि किसी भी वादी की जिम्मेदारी है कि वह अपने दावे को साबित करने के लिए ठोस सबूत पेश करे। वह प्रतिवादी की कमजोरियों के आधार पर अपना मामला साबित नहीं कर सकता। स्कूल प्रबंधन ऐसा कोई रिकॉर्ड या प्रमाण पेश नहीं कर पाया, जिससे साबित हो कि विवादित कोविड अवधि में बच्चों की कक्षाएं संचालित हुई थीं या वे स्कूल में पढ़ रहे थे। सिविल जज जूनियर डिवीजन साक्षी गुप्ता की अदालत ने 20 मार्च 2025 को स्कूल प्रबंधन का फीस वसूली का दावा खारिज कर दिया था। इसके खिलाफ स्कूल प्रबंधन ने 18 अप्रैल 2025 को जिला अदालत में अपील दायर की थी। दोनों पक्षों के अधिवक्ताओं की दलीलें सुनने और रिकॉर्ड देखने के बाद जिला न्यायाधीश जगजीत सिंह ने फैसला सुनाया। अदालत ने निचली अदालत के आदेश में कोई कानूनी त्रुटि नहीं पाई और स्कूल प्रबंधन की सिविल अपील खारिज कर दी। Source: Source Post navigation कुरुक्षेत्र के प्रेमी जोड़े को जान का खतरा, हाईकोर्ट ने SP को दिए निर्देश; 23 सितंबर को हुई थी शादी नारनौल लॉजिस्टिक हब मामले में सुप्रीम कोर्ट ने स्टे बरकरार रखा, सरकार को 2013 के भूमि अधिग्रहण कानून के तहत आगे बढ़ने के निर्देश; 15 दिसंबर तक मांगा जवाब